मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह के आज दिये एक बयान से बिहार की सियासत में अचानक खलबली मच गई है। पटना स्नातक चुनाव में पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करने के बाद नीतीश कुमार के प्रति वफादारी साबित करने के क्रम में अनंत सिंह ने यह दावा कर दिया कि उन्होंने पार्टी के लिए बहुत कुर्बानी दी है। अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ रहते हुए उन्होंने अपने 9 लोगों को मरवाया था। अनंत ने कहा कि नीतीश कुमार क्या थे। जब वे कुछ भी नहीं थे, तब मेरे जैसा बलिदान पार्टी के लिए किसने दिया था? मैनें उनके लिए अपने 9 आदमियों की हत्या करवाई। दरअसल अनंत सिंह वर्ष 2004 में उनके गांव लदमा में एसटीएफ की रेड के दौरान उनके 98लोगों के मारे जाने की बात कर रहे थे। उस दौर में वे नीतीश कुमार के लिए जनता में समर्थन जुटाने में लगे थे। इसी क्रम में एसटीएफ ने रेड डाली थी। इस घटना में एक एसटीएफ जवान की भी जान चली गई थी।

इधर अनंत सिंह के इस बयान के बाद विपक्षी दल राजद ने जदयू पर जमकर हमला करते हुए कई सवाल खड़े कर दिए। आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि अब सबकी पोल खुल गई है। 20 सालों में ये लोग क्या—क्या करवाते रहे हैं, सब सामने आ गया है। अनंत सिंह ने खुलासा कर दिया है कि उन्होंने नीतीश कुमार के लिए 9 लोगों की हत्या करवाई थी। अनंत सिंह ने तो यहां तक कह दिया है कि ये लोग उनसे कुकर्म करवाते रहे हैं। सत्ता में रहने के लिए इनलोगों ने क्या—क्या पाप करवाये है, सब जनता के सामने खुल गया है। विदित हो कि ये सारा विवाद अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच तनातनी से शुरू हुआ। विवाद की मुख्य वजह पटना स्नातक सीट का MLC चुनाव और पुरानी राजनीतिक दुश्मनी है। दोनों JDU से जुड़े हैं, लेकिन इस चुनाव में दोनों आमने-सामने आ गए हैं। अनंत सिंह ने JDU के उम्मीदवार नीरज कुमार को हराने की बात कही है और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया है।
अपने बयान में अनंत सिंह ने कहा कि पार्टी के लिए जितनी कुर्बानी उन्होंने दी है, उतनी किसी और ने नहीं दी। नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय नीतीश कुमार कुछ नहीं थे। परंतु उस समय भी वह उनके साथ थे और उन्होंने पार्टी के लिए बहुत कुछ किया। लेकिन पार्टी ने क्या किया? उस नीरज कुमार को प्रत्याशी बना दिया जिसने पहले उनके खिलाफ राजनीतिक रूप से काम किया और उनका विरोध किया। अनंत सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि नीरज ने उन्हें पुराने AK-47 मामले में फंसाने कोशिश की। पटना स्नातक सीट से JDU ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया तो अनंत सिंह नाराज हो गए और उनके खिलाफ लगातार प्रचार कर रहे हैं। अनंत सिंह ने निशांत कुमार की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जब चुनाव किसी खास पार्टी के चिह्न पर नहीं हो रहा है, तो निशांत कुमार को वहां प्रचार के लिए नहीं जाना चाहिए था।
