बिहार में MLC चुनाव को लेकर जारी गहमागहमी के बीच आज शुक्रवार को जदयू विधायक अनंत सिंह जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करने निकले। इस दौरान JDU पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार के भक्त हैं और उनके साथ ही रहेंगे। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ कह दिया कि नीरज कुमार से उनका विरोध जारी रहेगा। जब अनंत सिंह से पूछ गया कि बाढ़ में नीरज कुमार ने उनको खुलेआम चुनौती दी है। इसपर अनंत ने कहा कि नीरज कुमार विरोध में बोलते हैं तो क्या गोली चला दें? इसके साथ ही जदयू के अन्य नेताओं और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के नीरज के साथ जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है। न जीने की खुशी है, न मरने का गम। निशांत कुमार को नीरज के लिए वोट मांगने के लिए नहीं जाना चाहिए। यह कोई पार्टी का चुनाव नहीं है।
अपनी ही पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के खिलाफ प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के लिए खुल कर प्रचार कर रहे मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने पार्टी छोड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वे जनता दल यूनाइटेड में हैं और पार्टी में ही बने रहेंगे। लोकतंत्र में जनता ही उनके लिए मालिक है। वे जनता के बीच जाकर उनका आशीर्वाद मांगेंगे और मतदाताओं से हाथ जोड़कर डॉ. अनुज सिंह के लिए मतदान करने की अपील करेंगे। जन सुराज उम्मीदवार को समर्थन देने पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए अनंत सिंह ने आगे कहा कि वे पार्टी के खिलाफ बगावत नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में अनुज सिंह ने उनका साथ दिया था, इसलिए वे इस चुनाव में अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो पार्टी में हैं और पार्टी में ही रहेंगे।
अनंत सिंह ने कहा कि वह JDU का हिस्सा हैं और पार्टी को चुनौती देने का उनका कोई इरादा नहीं है। पार्टी नेतृत्व को परेशान न होने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि JDU को इस चुनाव को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह कोई आम विधानसभा चुनाव नहीं है। अनंत सिंह ने बताया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए खुद टिकट नहीं मांगा था, बल्कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कहने पर ही उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया था। आनंत सिंह ने खुद को नीतीश कुमार का भक्त बताया और कहा कि उन्हें पार्टी से कोई शिकायत नहीं है। लेकिन यह भी कहा कि उन्होंने पहले भी नीरज कुमार का विरोध किया है और आगे भी करते रहेंगे। नीरज कुमार द्वारा उनको ‘पुदीना सिंह’ कहे जाने पर पलटवार करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि 23 नवंबर को जब चुनाव परिणाम सामने आएंगे, तब नीरज कुमार के अंदर पिछले 18 वर्षों से जमा हुई सारी ‘गैस’ और घमंड पूरी तरह बाहर निकल जाएगा और वह फिर कभी लौटकर नहीं आएगा।
