बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के मतों की गणना आज मंगलवार की सुबह से जारी है। 4 स्नातक और 4 शिक्षक पर हुए चुनाव में तिरहुत शिक्षक सीट और पटना स्नातक सीट पर एनडीए कैंडिडेट आगे हैं। बाकी 6 सीटों के रुझाान अभी आने बाकी हैं। वोटों की गिनती के लिए पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा सहित कई शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक पटना स्नातक निर्वाचन सीट पर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने बढ़त बना ली है। मतगणना केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार नीरज कुमार दूसरे राउंड की गिनती के बाद जनसुराज पार्टी के अनुज सिंह से करीब 1200 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं तिरहुत शिक्षक सीट पर भजपा के एनपी सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीआई कैंडिडेट से 159 वोटों से आगे चल रहे हैं।
तिरहुत शिक्षक सीट पर भी दूसरे राउंड की गिनती भी पूरी हो गई है। एनडीए समर्थित भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह को 1872 वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर सीपीआई के संजय सिंह हैं, जिन्हें 1713 वोट मिले हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर निर्दलीय भूषण झा हैं, जिन्हें 1650 वोट मिले हैं। भूषण झा यहां कड़ी टक्कर देते हुए मुकाबले को त्रिकोणीय बानए हुए हैं। वहीं पटना सीट पर मुकाबला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी के मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने मोर्चा खोल दिया था। अनंत सिंह जनसुराज के समर्थन में हैं। हालांकि, इसको लेकर JDU ने अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया, जबकि अनंत सिंह जीत का दावा करते हुए अपने आवास पर मिठाइयां भी तैयार करवा रहे हैं।
इधर पटना में बांकीपुर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर वोटों की गिनती जारी है। आज सुबह काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा भी देखने के मिला। आरोप लगाया गया कि काउंटिंग सेंटर से फाइलों के बंडल को बाहर लाया गया है। सेंटर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने फाइल बाहर लाने वालों को पकड़ लिया। साथ ही काउंटिंग सेंटर पर CCTV कैमरे नहीं होने के आरोप लगे हैं। जन सुराज पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने इसका विरोध जताया। उन्होंने जैसे ही दो सरकारी कर्मचारियों के हाथों में कागजों से भरा बैग देखा वैसे ही उन्होंने बैग में रखे दस्तावेज दिखाने की मांग की। सरकारी कर्मचारियों के बैग न दिखाने को लेकर मतगणना केंद्र के बाहर तनाव बढ़ गया। हालांकि बाद में कर्मचारियों को बैग खोलकर दिखाना पड़ा।
बिहार विधान परिषद की 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट, जबकि पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतगणना हो रही है। इन आठों सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें 150 उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें 4-4 सीटों पर बीजेपी और जेडीयू ने उम्मीदवार उतारे हैं। जबकि जन सुराज पार्टी सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
