नवादा : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवादा पुलिस को एक और सफलता मिली है। बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित रजौली समेकित जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी और देशी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, रजौली समेकित जांच चौकी पर पुलिस दल द्वारा नियमित वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही एक संदेहास्पद मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर चकमा देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लावारिस हालत में छोड़ी गई बाइक को कब्जे में लिया और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से कुल 188.70 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसमें शामिल हैं, 50 लीटर अवैध चुलाई (देशी) शराब, 26.10 लीटर – रॉयल चैलेंज प्रीमियम डिलक्स व्हिस्की (विदेशी) और 12.60 लीटर-जॉर्ज विलियम एक्स्ट्रा प्रीमियम व्हिस्की (विदेशी) के साथ ही बिना नंबर प्लेट की बाइक जब्त कर प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्रे रंग की होंडा कंपनी की एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। वाहन पर कोई पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) नंबर दर्ज नहीं था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि इसका इस्तेमाल तस्करी के लिए ही किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट
