नवादा : जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित नवादा प्रीमियर लीग (एनपीएल) के दूसरे मुकाबले में नवादा स्टार्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवादा किंग्स को छह विकेट से हराया। मैच के हीरो रहे 13 वर्षीय स्पिन गेंदबाज सुधांशु कुमार ने छह रन देकर पांच विकेट झटके और अपनी घातक गेंदबाजी से नवादा किंग्स की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नवादा किंग्स की टीम 20 ओवर में 100 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी। टीम की ओर से अंकित राज ने 19 और गौरव कुमार ने 22 रन बनाये। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। नवादा स्टार्स की ओर से सुधांशु कुमार ने पांच विकेट हासिल किये, जबकि हर्ष और मनीष को एक-एक विकेट मिला।
101 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवादा स्टार्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने महज 10 ओवर में चार विकेट खोकर 104 रन बना लिये और मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। कप्तान हर्ष ने 28 रनों की उपयोगी पारी खेली। अमरीश ने 19, शिव शक्ति ने 14 और यीशु कुमार ने भी 14 रन बनाकर जीत में अहम योगदान दिया। नवादा किंग्स की ओर से गौरव ने दो विकेट लिये, जबकि आशीष और तेजस्वी को एक-एक विकेट मिला।
शानदार गेंदबाजी कर पांच विकेट लेने वाले 13 वर्षीय सुधांशु कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बिहार अंडर-19 टीम के मैनेजर मनीष आनंद ने उन्हें मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी के साथ चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया। कम उम्र में सुधांशु के इस प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

नवादा प्रीमियर लीग के सफल संचालन में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार मुरारी, संयुक्त सचिव सुरेश यादव, अरुण यादव, क्लब प्रतिनिधि मनीष गोविंद, सुभाष प्रसाद, विकास कुमार, श्याम देव कुमार, दिनेश कुमार और अभिषेक पांडेय समेत अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। मुकाबले में विकास कुमार और आशीष पटेल ने अंपायर की जिम्मेदारी निभायी, जबकि सुमन और सौरव ने आयोजन के संचालन में सहयोग किया।
भईया जी की रिपोर्ट

