विधानसभा और विधान परिषद में होने वाली सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा निर्देश दिया है। सूत्रों के मुताबिक अब बिहार विधानसभा और विधान परिषद में होने वाली सभी बहालियां BPSC या BSSC के माध्यम से कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति से आग्रह किया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति को इस संबंध में एक पत्र लिखकर आग्रह किया है कि दोनों ही सदनों में अब किसी भी पद पर बहाली BPSC या BSSC के जरिए कराई जाए।
मुख्यमंत्री की इस पहल का उद्देश्य दोनों सदनों में नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। इसके तहत पद की प्रकृति और योग्यता के अनुसार संबंधित आयोग के माध्यम से ही इन सदनों में नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। हाल के दिनों में विधानसभा और विधान परिषद बहाली में हुई गड़बड़ी के मामलों को देखते हुए यह बड़ा फैसला माना जा रहा है। सीएम के पत्र में विस अध्यक्ष और विप सभापति से दोनों सदनों में होने वाली नियुक्तियों के लिए आयोग आधारित चयन प्रक्रिया अपनाने पर जोर दिया गया है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो विधानसभा और विधान परिषद में कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए चयन आयोगों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाएगी और होने वाली भर्तियों में पारदर्शिता आएगी।
हालांकि, इस संबंध में औपचारिक आदेश और विस्तृत दिशा-निर्देश का इंतजार है क्योंकि सीएम का पत्र इस दिशा में महज एक प्रारंभिक आग्रह ही है। इस संबंध में कोई भी ठोस निर्णय विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद सभापति को ही लेना है। दरअसल हाल के दिनों में विधानसभा और विधान परिषद में हुई बहाली में भारी गड़बड़ी के मामले सामने आए थे। मुख्यमंत्री के आग्रह को इसी संदर्भ में गड़बड़ी को दुरुस्त करने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
