नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली समेकित जांच चौकी के समीप नेशनल हाईवे पर पिछले करीब 10 दिनों से कोयला लदा एक खराब ट्रक बीच सड़क पर खड़ा है। बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

बताया जाता है कि इस मार्ग से विभिन्न राज्यों बंगाल, दिल्ली, झारखंड, यूपी और बिहार के बीच प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर लंबे समय से खड़ा खराब ट्रक राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां भी गुजरती हैं, लेकिन अब तक ट्रक को हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
समेकित जांच चौकी पर परिवहन विभाग की ओर से ईएसआई की भी तैनाती की गई है। रजौली पुलिस की ओर से भी इस मार्ग पर नियमित गश्ती के बावजूद सड़क पर खड़े ट्रक को नजरअंदाज किया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। इस मामले में जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत साहू को जानकारी दी गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले का जल्द निपटारा कराया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट

