नवादा : ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिले की रजौली स्थित फुलवरिया जलाशय अब बिजली उत्पादन के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाने जा रहा है। करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय में 10 मेगावाट क्षमता वाले फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का निर्माण किया गया है। इसका शुभारंभ 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने फुलवरिया जलाशय पहुंचकर परियोजना स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की तैयारियों और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जानकारी ली। डीएम ने बताया कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित कराया जाएगा। करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 1.60 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। उत्पादित बिजली रजौली ग्रिड के माध्यम से आसपास के करीब 90 गांवों की बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने में सहायक होगी।
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका अनूठा मॉडल है। ‘ऊपर बिजली, नीचे मछली’ की अवधारणा पर आधारित इस परियोजना में फुलवरिया जलाशय की सतह पर सोलर पैनल लगाए गए हैं। इससे जलाशय की जमीन का उपयोग किए बिना सौर ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकेगा। वहीं, पानी में मछली पालन की गतिविधियां भी जारी रखी जा सकेंगी। इस तरह एक ही जलाशय का उपयोग ऊर्जा उत्पादन और मत्स्य पालन दोनों के लिए संभव होगा।
पहाड़ों और जंगलों से घिरे फुलवरिया जलाशय में फ्लोटिंग सोलर प्लांट की स्थापना से क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ने की उम्मीद है। परियोजना से स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण इस क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी नई दिशा मिल सकती है। कुल मिलाकर, फुलवरिया जलाशय में स्थापित 10 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट जिले के विकास और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है। इससे रजौली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति में मजबूती मिलने की उम्मीद है।

भईया जी की रिपोर्ट
