प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल—डीजल की खपत कम करने और सोना नहीं खरीदने के हालिया आह्वान के बाद अब सम्राट सरकार के मंत्रियों ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या में बड़ी कटौती कर दी है। पीएम की अपील का खुलकर समर्थन करते हुए डिप्टी सीएम विजय चौधरी, मंत्री लेसी सिंह और मंत्री शीला मंडल ने इस दिशा में ठोस कदम उठाने की घोषणा की। मंत्रियों ने सरकारी वाहनों की संख्या घटाने के साथ ही पेट्रोल बचाने के अन्य उपाय अपनाने का भी ऐलान किया। यहां तक कि इन नेताओं ने राज्य की महिलाओं से भी एक साल तक सोना खरीदने से बचने की अपील भी की ताकि देश के संसाधनों की खपत कम करके विदेशी मुद्रा के भंडार को बचाया जा सके।
विजय चौधरी ने गाड़ियों की संख्या आधी की
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान का पूरे देश को समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैंने खुद अपने वाहनों की संख्या आधी कर दी है। जरूरत पड़ेगी तभी सरकारी यात्रा पर जाऊंगा’। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री की इस अपील का विरोध कर रहे हैं, वे देशहित की भावना को नहीं समझ रहे हैं। इसके अलावा डिप्टी सीएम ने शिक्षा मंत्री पर उनके बेटियों को लेकर दिये बयान संबंधी आरोपों के बारे में कहा कि सिर्फ आरोप लगा देने से कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा, ‘अगर कोई सबूत है तो सामने लाइए। सबूत सही होगा तो मुकम्मल जांच होगी और कानून अपना काम करेगा’।
लेसी सिंह ने महिलाओं से की खास अपील
वहीं सम्राट सरकार में जदयू की मंत्री लेसी सिंह ने भी प्रधानमंत्री के आग्रह का समर्थन करते हुए कहा कि पूरा बिहार इस पहल के साथ खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल बचाने के लिए सरकार और जनता दोनों को आगे आना होगा। साथ ही उन्होंने महिलाओं से भी देशहित में एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। दूसरी तरफ बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान का समर्थन करना देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है। मैंने खुद तय किया है कि अब एक ही गाड़ी से निकलूंगी। जरूरत नहीं होगी तो यात्रा भी नहीं करूंगी। शीला मंडल ने महिलाओं से भी सोना खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करने का आग्रह किया।