नवादा : जिले में शिक्षकों के वेतन भुगतान में बड़े पैमाने पर सामने आए वित्तीय गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई हुई है। एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से वेतन, मकान किराया भत्ता (एचआरए) और एरियर मद में 181 शिक्षकों को निर्धारित राशि से अधिक भुगतान की वसूली कर ली गई है। इन शिक्षकों के खातों में कुल एक करोड़ 17 लाख 92 हजार 308 रुपये अतिरिक्त भेजे गए थे। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।
जानकारी के अनुसार, एचआरएमएस पोर्टल पर वेतन भुगतान के दौरान कथित रूप से कूटरचना कर निर्धारित राशि से अधिक भुगतान कराया गया। वेतन के अलावा एचआरए और एरियर मद में भी जरूरत से ज्यादा राशि की निकासी की गई। विभाग ने इस पूरे मामले में मेकर-चेकर-अप्रूवर स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई थी।
इस मामले को लेकर पिछले माह शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने डीपीओ स्थापना कार्यालय में जांच की थी। जांच के दौरान शिक्षकों के वेतन, एरियर और एचआरए भुगतान से संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की गई थी। डीपीओ स्थापना शिव कुमार वर्मा ने बताया कि कुल 181 शिक्षकों को वेतन, एरियर और एचआरए समेत विभिन्न मदों में एक करोड़ 17 लाख 92 हजार 308 रुपये का अधिक भुगतान हुआ था। जिन शिक्षकों के बैंक खातों में निर्धारित राशि से अधिक रकम भेजी गई थी, उन्हें नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद संबंधित शिक्षकों से अतिरिक्त भुगतान की गई पूरी राशि की वसूली कर ली गई है।
तत्कालीन डीईओ से हो चुका शोकॉज
शिक्षा विभाग ने इस मामले को बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के नियम तीन के प्रावधानों के विपरीत माना है। इस मामले में तत्कालीन डीईओ से स्पष्टीकरण की मांग विभाग की ओर से की जा चुकी है। वहीं फर्जी डॉक्यूमेंट्स के आधार पर 10 लाख से अधिक की राशि का अवैध भुगतान करने के आरोप में प्रधान लिपिक सतीश कुमार चेकर, लिपिक रविंद्र कुमार मेकर और रजौली की कुसुम कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले में दोनों लिपिक संस्पेंड हो चुके हैं।
भईया जी की रिपोर्ट