बिहार विधान परिषद चुनाव की सबसे हॉटसीट पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन के नतीजों में जदयू के नीरज कुमार ने अनंत सिंह समर्थित जन सुराज कैंडिडेट को बड़ी पटखनी दी। जबकि पटना शिक्षक सीट पर RJD के डॉ. संजीव कुमार ने बड़ा उलटफेर करते हुए बीजेपी के दिग्गज नवल किशोर यादव को हराकर नया इतिहास रच दिया है। डॉ. संजीव कुमार ने नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराया। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार को आज बुधवार की सुबह से ही जीत की बधाइयां मिल रही हैं। वहीं नतीजों के ऐलान के बाद अनंत सिंह ने कहा कि गिनती खत्म हो गई और अनुज हार गए हैं। अनंत सिंह ने हार तो मान ली लेकिन साथ ही कहा कि वे नीरज को जीत की बधाई नहीं देंगे।इधर नीरज कुमार ने जीत के बाद उनके विरोध में पार्टी से बगावत करने वाले अनंत सिंह पर उनके घर बनी एडवांस मिठाइयों पर तंज कसा है। नीरज कुमार ने अनंत सिंह की ही जुबान में कहा, ‘ए गुंजन मिठईया ले जाओ रे…’।
नीरज कुमार की जीत के बाद अनंत सिंह ने हार मान ली है और कहा कि जनता मालिक है और भगवान है। हमको समय ही नहीं मिला। हार-जीत तो होता रहता है। हम पार्टी का सम्मान करते हैं और करते रहेंगे। अनंत सिंह ने कहा कि हमको वोट बनाने का समय कम मिला इसलिए हम हारे। हमको पूरे बिहार की जनता प्यार करती है। मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह बार-बार यह दोहराते रहे कि उन्हें पार्टी से नाराजगी नहीं है बल्कि नाराजगी सिर्फ नीरज कुमार से है। इधर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रही पटना स्नातक सीट पर जीत दर्ज करने वाले जदयू के नीरज ने इस जीत का श्रेय नीतीश कुमार, निशांत कुमार, सम्राट चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और चिराग पासवान को दिया। उन्होंने कहा कि अभी जीत का जश्न मनाना बाकी है। वहीं, उन्होंने अनंत सिंह को लेकर कहा, ‘जाने दीजिए… जैसी करनी, वैसी भरनी… घर से निकलेंगे या नही.. वे अब नया ठिकाना खोजें’।
बता दें कि इस चुनाव में अनंत सिंह खुलकर पार्टी के खिलाफ मैदान में उतर गए। उन्हें समझाने की काफी कोशिशें पार्टी की ओर से की गईं लेकिन अनंत नहीं माने और जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर दिया। वे खुलकर अनुज सिंह का प्रचार करने लगे। अनंत सिंह एक बड़े काफिले के साथ अनुज सिंह के नामांकन में भी शामिल हुए। अनंत को समझाने की कोशिशें जारी रहीं। एमएलसी चुनाव की वोटिंग के बाद जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया। उधर पटना शिक्षक सीट पर RJD उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराया। यह मुकाबला इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि नवल किशोर यादव पिछले करीब 30 साल से इस सीट पर जीत हासिल करते आ रहे थे। वहीं, स्नातक सीट पर जीत के बाद नीरज कुमार ने कहा कि यह धनबल और बाहुबल के खिलाफ कार्यकर्ताओं के नैतिक बल की जीत है।