बिहार MLC चुनाव में RJD ने भाजपा का अजेय किला माने जाने वाली पटना शिक्षक सीट को जीत इतिहास रच दिया है। यहां आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने पिछले 30 साल से लगातार जीतते आ रहे भाजपा के पांच बार के एमएलसी नवल किशोर यादव को 1058 वोटों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पटना शिक्षक सीट पर नवल किशोर यादव का लंबे समय से चला आ रहा दबदबा भी खत्म हो गया। नवल किशोर यादव ने साल 1996 में पहली बार पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और विजयी रहे थे। इसके बाद वह लगातार चुनाव जीतते रहे और इस शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ बनी रही। साल 2014 में वह भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीते। इससे पहले वह राजद में रह चुके थे।
जीत के बाद संजीव कुमार ने क्या कहा
इधर इस जीत के बाद RJD के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने इसे शिक्षक समाज की जीत बता। उनकी पत्नी डॉ. अर्चिता ने शिक्षकों और चुनाव में जुटी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि टीम ने दिन-रात मेहनत की और मुश्किल परिस्थितियों में भी पीछे नहीं हटी। संजीव कुमार ने भी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को जीत का श्रेय दिया। इस नतीजे के साथ पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लंबे समय बाद प्रतिनिधित्व बदल गया है। पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर मुख्य मुकाबला RJD और बीजेपी के प्रत्याशियों के बीच ही रहा। जबकि जनसुराज की प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति तीसरे स्थान पर रहीं। RJD प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार को 4487 वोट मिले जबकि बीजेपी के नवल किशोर यादव को 3430 वोट प्राप्त हुआ। जीत के बाद डॉ संजीव कुमार ने कहा, ‘बहुत कड़ा मुकाबला था, शिक्षकों के लिए उनके हित की लड़ाई आगे लड़ता रहूंगा।
उधर बीजेपी के हारे प्रत्याशी नवल किशोर यादव की बात करें तो नवल यादव के पिछले चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि पटना शिक्षक सीट पर उनका लंबे समय तक दबदबा रहा है साल 2014 में राजद से बीजेपी में आए नवल किशोर यादव को कुल 4,127 वोट मिले थे। तब उन्होंने जदयू के अर्जुन प्रसाद सिन्हा को हराया था, जिन्हें 1,281 वोट मिले थे। इसके बाद साल 2020 में नवल किशोर यादव ने बीजेपी की ओर से लड़ते हुए राजद के नारायण यादव को हराया था। नवल किशोर को तब 3,173 वोट मिले, जबकि नारायण यादव को 1,877 वोट हासिल हुए। दोनों के बीच जीत का अंतर 1,296 वोटों का रहा था। अब इस वर्ष 2026 में हुए चुनाव के आंकड़ों को देखें तो इस बार राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है। यह नवल किशोर यादव की लगातार जीत के सिलसिले का अंत है।