नवादा : बिहार के ग्रामीण और प्रखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से, बिहार सरकार द्वारा सात निश्चय- 3 अंतर्गत, राज्य के 211 प्रखंडों में नये राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना की गयी। इसी के तहत जिले के राजकीय डिग्री महाविद्यालय अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के (कुहिला) में प्रतिदिन सभी छह विषयों हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र के कुल 12 सहायक प्राध्यापक प्रतिदिन ससमय कॉलेज आ रहे हैं, लेकिन छात्र-छात्राओं की संख्या कम है।
इनकी संख्या बढ़ाने के लिए संपर्क अभियान चलाया गया। कॉलेज में सितंबर महीने से नए प्राचार्य डॉ रामचंद्र प्रसाद सिंह योगदान कर चुके हैं एवं उनकी देखरेख में महाविद्यालय का प्रशासनिक कार्य सुगमता से संचालन किया जा रहा है। अगर एक भी विद्यार्थी महाविद्यालय आते है तो उनकी कक्षा का संचालन किया जा रहा है। परंतु कक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थति कम है। विद्यार्थियों की कक्षा में उपस्थति बढ़ाने के उद्देश्य से गांव में विशेष संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
प्राचार्य डॉ रामचंद्र प्रसाद सिंह के देख रेख में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों द्वारा गांव गांव जाकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इसके तहत महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अकबरपुर गाँव जाकर वहाँ के जनप्रतिनिधियों, महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं उनके अभिवावक से संवाद किया एवं विद्यार्थियों को महाविद्यालय आकर कक्षा में शामिल होने हेतु समझाया गया। साथ ही पंचरुखी इंटर विद्यालय जाकर वहाँ पढ़ रहे विद्यार्थियों को महाविद्यालय के बारे में जानकारी साझा की गयी।
जागरूकता अभियान में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं बर्सर डॉ0 राजीव कुमार (इतिहास विभाग), सहायक प्राध्यापक एवं प्रभारी प्राचार्य (दैनिक कार्य) विजय विशाल (अंग्रेजी विभाग), सहायक प्राध्यापक डॉ0 संध्या कुमारी (समाजशास्त्र विभाग), ज्योतिष कुमार (हिन्दी विभाग), निशा कुमारी (हिन्दी विभाग), अंजली प्रिया (अंग्रेजी विभाग), शिवम रंजन (राजनीति विज्ञान विभाग), अल्विया नूरीन (राजनीति विज्ञान विभाग), सत्यम कुमार (समाजशास्त्र विभाग), चंचल कुमार (अर्थशास्त्र विभाग) आदि शामिल थे।
भईया जी की रिपोर्ट