नवादा : बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना के तहत हर घर तक नल का जल पहुंचाने का संकल्प धरातल पर किस तरह से है, इसकी बानगी अकबरपुर प्रखंड के बलिया बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या पांच एवं छह में देखने को मिल रही है। यहां आजाद मोहल्ला बाईपास रोड में नल-जल योजना का काम पिछले एक साल से अधर से लटका हुआ है। विभागीय उदासीनता और संवेदक की मनमानी के कारण ग्रामीणों को आज भी पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कोई बताने को तैयार नहीं है कि आखिर योजना कब पूर्ण होगी।
ग्रामीणों के अनुसार, संवेदक द्वारा करीब एक साल पहले बोरिंग तो करा दी गई, लेकिन इसके बाद लगभग छह महीने तक काम पूरी तरह बंद रहा। काफी इंतजार के बाद दुर्गापूजा के आसपास पानी की टंकी लगाने के लिए स्ट्रक्चर खड़ा किया गया। लोगों को उम्मीद जगी कि अब जल्द ही घरों तक पानी पहुंचने लगेगा, लेकिन स्ट्रक्चर खड़ा करने के बाद काम फिर बंद हो गया। तब से निर्माण कार्य जस का तस पड़ा है। न टंकी लगी और न ही पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति शुरू हो सकी। गांव वाले रोज पानी की किल्लत से परेशान हो रहे हैं।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि सरकार की योजना के तहत घर-घर नल से पानी पहुंचाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन संबंधित मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर वे अपनी समस्या की शिकायत किस अधिकारी से करें। संवेदक फोन तक रिसीव नहीं करते और स्थानीय स्तर पर विभागीय अभियंता के बारे में भी लोगों को स्पष्ट जानकारी नहीं है।
पीएचईडी विभाग के स्थानीय जेई संजीत कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संवेदक से बातचीत हुई है। एक सप्ताह के अंदर शेष कार्य पूरा कराकर पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। अब देखना यह है कि जेई का एक सप्ताह का आश्वासन धरातल पर उतरता है या फिर वार्ड संख्या पांच एवं छह के लोगों को नल से जल मिलने के लिए एक बार फिर लंबा इंतजार करना पड़ेगा। गांव वालों ने यथाशीघ्र पेयजल आपूर्ति कराने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट