नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड क्षेत्र के विसियायत गांव में मनरेगा योजना के तहत नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवन का उद्घाटन डीडीसी शंभू शरण पांडेय एवं प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। केंद्र के निर्माण पर करीब 10 लाख 70 हजार रुपये की प्राक्कलित राशि खर्च की गई है।
उद्घाटन के बाद डीडीसी ने भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नए भवन से गांव के बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में बीडीओ अश्विनी कुमार, मुखिया प्रतिनिधि संजय यादव, पीओ रामानुज कुमार सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि संजय यादव ने विसियायत गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित करने की मांग डीडीसी के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि गांव व आसपास के लोगों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। पीएचसी खुलने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
डीडीसी ने मेसकौर में निर्माणाधीन जिले के पहले हाट बाजार की प्रगति का जायजा लिया। इसके अलावा सहवाजपुर सराय में प्रस्तावित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) के स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, प्लांट में सेप्टिक टैंक से निकलने वाले मल-कीचड़ एवं सीवरेज के अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट