नवादा : झारखंड और बिहार की सीमा से सटे जिले के गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के बाराटांड़ गांव में गुरुवार की देर रात फिर एक बार जंगली हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी। हाथी को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। घटना की सूचना गोविंदपुर थाना को दी गयी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजय कुमार साथ में एसआइ राजेश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष को हाथी के आने का स्थान दिखाया। जंगली हाथी विजय यादव के खलिहान में रखे धान के पुंज को बिखेरकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटनास्थल पर हाथी के पैरों के निशान भी पाये गये। पैरों के निशान के आधार पर थानाध्यक्ष, पुलिस बल और ग्रामीणों के साथ हाथी की दिशा में आगे बढ़े। हाथी बाराटांड़ गांव से निकलकर झारखंड के कटैया जंगल की ओर बढ़ गया। इस दौरान रास्ते में धान की फसल को रौंदते हुए आगे निकल गया।
थानाध्यक्ष विजय कुमार ने जंगली हाथी के गांव में आने की सूचना वन विभाग को दी, ताकि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान की जा सके। बाराटांड़ निवासी विजय यादव ने बताया कि वह अपने पुत्र के साथ खाना खाने के बाद घर से खलिहान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक जंगली हाथी दिखाई दिया। हाथी को देखते ही उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों को देखकर हाथी गांव की ओर बढ़ने के बजाय झारखंड के कटैया गांव की तरफ मुड़़ गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भईया जी की रिपोर्ट