नवादा : जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।पथ निर्माण विभाग की ओर से लेधा–कझिया–नाद-कुलना-कुसुम्भार-हावड़-भुमई-अकबरपुर पथ (SH-103) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की जानकारी साझा की गई है। इस सड़क के 13.7 किलोमीटर लंबे हिस्से को बेहतर बनाया जाना है। परियोजना के तहत सड़क के 0 से 13.7 किलोमीटर तक के हिस्से का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाना है। कार्य नवादा पथ प्रमंडल के अंतर्गत प्रस्तावित है। सड़क को बेहतर बनाने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ने और स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
विवरण के अनुसार, इस सड़क परियोजना की अनुमानित लागत करीब 54.51 करोड़ रुपये है। जुलाई 2026 में इसके लिए निविदा जारी की गई थी। फिलहाल जमीन अधिग्रहण का काम जारी है। ग्रामीणों ने जमीन अधिग्रहण के बदले करीब 30 साल पुराने दर से मुआवजा देने और भुगतान में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए उनकी उपजाऊ और कीमती जमीन ली जा रही है, लेकिन मुआवजा तय करते समय वर्तमान बाजार मूल्य को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
SH-103 के इस मार्ग से जुड़े गांवों के लोगों को सड़क चौड़ी होने और उसकी स्थिति बेहतर होने से आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय बाजारों और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंच आसान हो सकती है। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। पथ निर्माण विभाग की ओर से साझा की गई जानकारी के आधार पर इस सड़क परियोजना को नवादा में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट