बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पर अपनी गर्लफ्रेंड और होने वाली पत्नी की तस्वीर शेयर करते हुए अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने की घोषणा की है। अपनी पोस्ट में मनीष कश्यप ने अपनी गर्लफ्रेंड का नाम अनुष्का शर्मा बताया है और वह वीमेंस कॉलेज से जर्नलिज्म कर रही हैं। सोशल मीडिया पर अनुष्का संग मनीष की फोटो वाली यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट में जहां मनीष कश्यप ने अनुष्का को अपना भावी हमसफर बताया है तो वहीं अनुष्का शर्मा ने फोटो के साथ पोस्ट में मनीष कश्यप को ‘मेरी दुनिया’ बताया है। बताया जाता है कि अनुष्का ने इस साल हुए पीयू छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी प्रत्याशी के तौर पर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था, लेकिन वो तीसरे स्थान पर रही थी।

इधर पिछले कई दिनों से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं हो रही थी। लोग मनीष कश्यप से लगातार सवाल पूछ रहे थे कि आखिर वह शादी कब करेंगे और उनकी होने वाली जीवनसाथी कौन हैं? अब इस सवाल का जवाब खुद मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये दे दिया है। अनुष्का ने भी उनके साथ एक तस्वीर साझा की है जिसमें उन्होंने कैप्शन में मनीष कश्यप को अपनी दुनिया कहा है। इस मौके पर मनीष कश्यप ने खास अंदाज में अपनी भावनाएं भी जाहिर की हैं। मनीष कश्यप ने कैप्शन में लिखा, ‘हमसफर का साथ मिला है, अब ज़िंदगी का हर सफ़र खूबसूरत होगा। एक नई शुरुआत, नए सपनों के साथ!’ उनकी इस पोस्ट के साथ अंगूठी और दिल वाले इमोजी भी नजर आ रही है।
मनीष कश्यप की पोस्ट सामने आने के बाद यह तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रही है। इस पोस्ट और फोटो के सामने आने के बाद अब उनके समर्थकों और फॉलोअर्स के बीच तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग मनीष कश्यप को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाई दे रहे हैं। हालांकि अभी दोनों की शादी की तारीख और समारोह से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अब मनीष कश्यप के प्रशंसकों को शादी की तारीख और बाकी जानकारियों का इंतजार है।
