नवादा : शहर के कन्हाई स्कूल के समीप गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब ठेला लगाकर नारियल पानी बेच रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से बुजुर्ग की पिटाई की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान रोह थाना क्षेत्र के रूस्तमपुर गांव निवासी विजय महतो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, विजय महतो कन्हाई स्कूल के पास ठेला लगाकर नारियल पानी बेचते थे. इसी से वह अपनी रोजी-रोटी चलाते थे। बताया जाता है कि ठेले पर मौजूद रहने के दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर बिना किसी बात के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और युवकों ने लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की भीड़ को आते देख हमलावर भागने लगे। इसी दौरान लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना में वह युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघी बरडीहा निवासी दिलखुश कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के कब्जे से युवक को छुड़ाया और अपने साथ ले गई। इसके बाद मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की। मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी की सूचना है। घायल विजय महतो का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पकड़े गए युवक के घायल होने की भी जानकारी सामने आयी है। नगर थाना थानाध्यक्ष उमा शंकर सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

भईया जी की रिपोर्ट
