नवादा : बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र कोडरमा घाटी में सड़क की बदहाली और भारी वाहनों के ब्रेकडाउन के कारण लगा 20 घंटों का जाम रविवार से सोमवार दोपहर तक लोगों के लिए मुसीबत बना रहा। इसका असर रजौली क्षेत्र में भी देखने को मिला। सोमवार सुबह से दोपहर दो बजे तक दिबौर से चितरकोली समेकित जांच चौकी तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। जाम में हजारों यात्री, ट्रक चालक और छोटे वाहनों पर सवार लोग फंसे रहे।

ट्रकों के ब्रेकडाउन और कंटेनर पलटने से बिगड़े हालात
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कोडरमा घाटी में एक ट्रक ब्रेकडाउन हो गया था, जबकि दूसरे ट्रक का डीजल खत्म हो गया था। दोनों ट्रकों के सड़क पर खड़े होने से वाहनों के बीच ओवरटेकिंग शुरू हो गयी, जिससे जाम लग गया। जाम से लोग उबरे भी नहीं थे कि दोपहर में एक और घटना हो गयी। घाटी में एक ट्रेलर से कंटेनर पलट गया। इसके अलावा एक हाइवा और एक ट्रक भी ब्रेकडाउन हो गया। लगातार हुई इन घटनाओं के कारण कोडरमा घाटी में यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। जाम में फंसे लोगों को खाने-पीने और पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
कोडरमा घाटी में लगे जाम का असर सोमवार को रजौली में भी साफ दिखा। कोडरमा की ओर से आने वाली लेन में दिबौर से चितरकोली समेकित जांच चौकी तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गयी। जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की ओर से प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जा रही थी, जिससे जाम और बढ़ गया। हालांकि, जाम की स्थिति को देखते हुए उत्पाद विभाग ने जांच में तेजी ला दी है, ताकि वाहनों को जल्द निकाला जा सके और लोगों को राहत मिले। फिलहाल धीरे-धीरे जाम खुल रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट

