नवादा : नगर की जर्जर सड़कें अब लोगों के लिए परेशानी के साथ हादसों का कारण बन रही हैं। स्टेशन रोड स्थित पम्पूकल चौक से थाना रोड तक सड़क की हालत खराब है। कहीं बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, तो कहीं नई सड़क की परतें उखड़ने लगी है। पम्पूकल चौक-स्टेशन रोड पर गड्ढों में ई-रिक्शा के पहिये फंसने से उनके पलटने का खतरा बना रहता है। बावजूद नगर परिषद की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।

पम्पूकल चौक से स्टेशन रोड तक गड्ढों ही गड्ढे
पम्पूकल चौक से स्टेशन रोड जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ बाइक और ई-रिक्शा चालकों को भी काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गड्ढों में पहिये फंसने के कारण ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं भी होती रहती हैं जिससे इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा काम हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के गड्ढों को भरने के लिए दो बार राबिश डाली गई, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। कुछ ही दिनों बाद राबिश हट गई और सड़क फिर बदहाल हो गई। लोगों का कहना है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क का बेहतर तरीके से निर्माण कराया जाना चाहिए।
सालभर में ही उखड़ने लगी थाना रोड की सड़क
थाना रोड की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सड़क का निर्माण करीब एक साल पहले कराया गया था, लेकिन कुछ समय बाद इसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी। अब सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

टैक्स वसूली के बाद भी बुनियादी सुविधा नहीं
सड़कों की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में नगर परिषद के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि शहरवासियों से नियमित रूप से टैक्स लिया जाता है, लेकिन बदले में उन्हें बेहतर सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही है।
लोगों ने नगर परिषद से पम्पूकल चौक-स्टेशन रोड और थाना रोड की जल्द मरम्मत कराने के साथ गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो सड़क की खराब स्थिति से कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

भईया जी की रिपोर्ट
