नवादा : जिले के नरहट-फतेहपुर रोड पर पैजुना और पतरंग के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय संतोष राजवंशी की मौत हो गयी। मृतक की पहचान अकबरपुर प्रखंड के आशा बिगहा गांव निवासी दिनेश राजवंशी के पुत्र के रूप में हुई है। संतोष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

मिली जानकारी के अनुसार, संतोष राजवंशी अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक से मौसी के घर से अपने गांव आशा बिगहा लौट रहा था। इसी दौरान नरहट-फतेहपुर रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल संतोष की मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है।
संतोष की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। नई जिंदगी की शुरुआत के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, कम उम्र में पति को खोने से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, मुआवजा मिलने की मांग को लेकर वे शव उठाने का विरोध कर रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और उसके चालक की पहचान कर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

भईया जी की रिपोर्ट
