नवादा : जिले के वारिसलीगंज-बरबीघा मुख्य मार्ग पर नेवाजगढ़ गांव के समीप एक अनियंत्रित टेम्पो (ऑटो) और मोटरसाइकिल के बीच सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। भीषण हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
नेवाजगढ़ गांव के पास हुआ हादसा, दोनों युवकों ने मौके पर ही तोड़ा दम
चश्मदीदों ने बताया कि वारिसलीगंज से बरबीघा की ओर जा रहे टेम्पो और सामने से आ रहे बाइक सवारों के बीच नेवाजगढ़ मोड़ के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
बाइक से मिले मोबाइल नंबर से हुई मृतकों की शिनाख्त
पुलिस को शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल से एक मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। पुलिस ने बिना देरी किए उस नंबर पर कॉल करके हादसे की सूचना दी। सूचना मिलने के काफी समय बाद मृतकों के परिवार के कुछ सदस्य वारिसलीगंज पहुंचे, जिसके बाद दोनों शवों की पहचान हो सकी।
मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है:-
अनिल मांझी: पिता सहदेव मांझी, ग्राम- गोयठाडीह, थाना- कादिरगंज, जिला- नवादा.
पंकज कुमार: पिता आकाश रविदास, ग्राम- दुलुमविगहा, थाना- कादिरगंज, जिला- नवादा.
घटनास्थल से टेम्पो और मोटरसाइकिल जब्त
थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने घटना के संदर्भ में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच और विशेष विवरण जुटाने में लगी है। हादसे के तुरंत बाद मौके का फायदा उठाकर मालवाहक टेम्पो का चालक भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो और मोटरसाइकिल दोनों को जब्त कर थाने ले आई है। दोनों युवकों की मौत के बाद उनके पैतृक गांवों गोयठाडीह और दुलुमविगहा में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।