नवादा : जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के पार्वती गांव में खेत से सब्जी तोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चचेरे भाइयों के बीच हुई मारपीट में 32 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के पार्वती गांव की है। जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय रितेश कुमार खेत में लगी सब्जियां तोड़ रहे थे। इसी दौरान उनके चचेरे भाई ने इसका विरोध किया। बात बढ़ते-बढ़ते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और फिर मारपीट में बदल गई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने से रितेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीएमसीएच में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम
परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रितेश ने दम तोड़ दिया। शनिवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक रितेश अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था।
मौत के बाद गांव में मातम
मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने का इंतजार किया जा रहा है। आवेदन मिलने के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट