नवादा : मद्य निषेध विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों युवक मोटरसाइकिल से झारखंड से शराब लेकर नवादा की ओर आ रहे थे।
संदेह के आधार पर जांच में मिली सफलता
जानकारी के अनुसार ड्रोन छापेमारी से लौट रही उत्पाद टीम संख्या-1 ने रजौली गांव की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को संदेह के आधार पर रोका। जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे लाल रंग के बैग से आईकॉनिक व्हाइट एलिट इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की (180 एमएल) की 30 बोतलें बरामद की गईं। सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन झारखंड ओनली” अंकित था। बरामद शराब की कुल मात्रा 5.400 लीटर बताई गई है।
शादी और पार्टी के लिए शराब लाने की बात कही
पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम अखिलेश कुमार (23 वर्ष), पिता सुरेश प्रसाद, ग्राम अशरतपुर, थाना अकबरपुर, जिला नवादा बताया। वहीं पीछे बैठे युवक ने अपना नाम रविंद्र कुमार (22 वर्ष), पिता चेन्नई यादव, ग्राम गिरगी, थाना रजौली, जिला नवादा बताया। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे झारखंड से शादी एवं पार्टी के लिए शराब खरीदकर अपने घर ले जा रहे थे।
मोटरसाइकिल जब्त, दोनों भेजे गए न्यायिक हिरासत में
उत्पाद विभाग ने शराब के साथ ब्लू एवं ब्लैक रंग की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल जब्त कर लिया। वाहन का निबंधन संख्या स्पष्ट नहीं पाया गया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छापेमारी दल का नेतृत्व मद्य निषेध विभाग के अवर निरीक्षक निखिल कुमार ने किया, जबकि सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मी अभियान में शामिल रहे।
भईया जी की रिपोर्ट