नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के कैरिखाप गांव में अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सोने व चांदी के जेवरात समेत पीतल,कांसा व तांबा के बर्तन एवं कपड़ा समेत लाखों की चोरी की है। घटना के वक्त घर में रह रही महिला अपने दो छोटे-छोटे बच्चों को लेकर उसी घर के छत पर सोई हुई थी। अमावां पूर्वी पैक्स अध्यक्ष रामाशीष कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई गोवर्धन कुमार यादव के घर में अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। जेवरात, बर्तन एवं कपड़े समेत लगभग 10 लाख रुपए की चोरी कर ली।
छत पर सो रहे थे घर के सदस्य
उन्होंने बताया कि उनका भाई गोवर्धन सऊदी अरब में रहकर काम करता है एवं घर में पत्नी के अलावे दो छोटे छोटे बच्चे रह रहे हैं। घर का बनावट कुछ इस प्रकार है कि घर और सीढ़ी का रास्ता अलग-अलग है। गर्मी के कारण छोटे भाई की पत्नी घर में तालाबंद कर सीढ़ी से छत पर जाकर सो गई। रात्रि लगभग 1:47 बजे नींद खुली और रोशन दान से घर के अंदर झांकी, तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। तत्काल इसकी सूचना आसपास एवं परिजनों को दी।
150 किलो बर्तन और नगदी समेत बड़ी चोरी से हड़कंप
उन्होंने बताया कि घर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अज्ञात चोर घर में घुसे और 120 ग्राम सोने के जेवरात, 250 ग्राम चांदी के जेवरात, 150 किलो पीतल-तांबा-कांसा का बर्तन एवं नगद रखे दस हजार रुपए के साथ कुछ महंगे कपड़े चोरी की है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर आवेदन थाना को दी गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि कैरिखाप के एक घर में चोरी की घटना हुई है। सूचना मिलने पर थाने में पदस्थापित एएसआई के के झा को पुलिस बलों के साथ भेजा गया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। फोरेंसिक टीम को सूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट