नवादा : जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बनिया बीघा गांव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला की पहचान 27 वर्षीय तमन्ना बेगम के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि तमन्ना बेगम के पति जहांगीर आलम गुजरात में काम करता है । पत्नी को भी अपने साथ रखता था। वहां वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर तमन्ना बेगम करीब एक वर्ष से अपने मायके बनिया बीघा में रह रही थी।
दोनों की शादी लगभग 12 वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी की उम्र करीब 8 वर्ष बताई जाती है। तमन्ना बेगम का ससुराल थाली थाना क्षेत्र के छोटकी थाली गांव में है।
पति की हैवानियत
परिजनों के अनुसार जहांगीर आलम चुपके से अपने ससुराल पहुंचा। उस समय तमन्ना बेगम घर का काम कर रही थी। इसी दौरान उसने पीछे से आकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तमन्ना बेगम के सीने में गंभीर जख्म हुआ , जबकि जांघ सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चाकू के कई वार किए गए।
घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल तमन्ना बेगम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
भईया जी की रिपोर्ट