नवादा : जिला मुख्यालय स्थित केएलएस कॉलेज के समीप बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने ‘प्रिंस’ नामक यात्री बस में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत यह रही कि बस चालक और उसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्टैंड से खुलते ही हादसे का शिकार हुआ बस
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंस नामक यात्री बस तीन नंबर बस स्टैंड से सवारियां लेकर कौआकोल के लिए रवाना हुई थी। बस अभी स्टैंड से कुछ ही दूरी पर केएलएस कॉलेज के पास पहुंची थी कि विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने सामने से उसमें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और करीब 100 मीटर दूर जाकर एक नाले से टकरा गया।
वाहन छोड़कर फरार हुआ ट्रैक्टर चालक, पुलिस ने किया जब्त
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक पुलिसिया कार्रवाई के डर से वाहन को छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर दोनों को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई जुट गई है।
अवैध बालू ढुलाई और तेज रफ्तार पर उठे सवाल
घटना के बाद़ स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है। आरोप है कि मिर्जापुर सूर्य मंदिर रोड, नेहालुचक और इंदिरा चौक मार्ग पर हर दिन सुबह 4 बजे से 7 बजे के बीच खुलेआम अवैध बालू लदे ट्रैक्टर तेज गति से दौड़ते हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की सुस्ती के कारण इन रास्तों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं और स्थानीय निवासियों की जान जोखिम में रहती है।
भईया जी की रिपोर्ट