-बढ़ी दर तत्काल प्रभाव से लागू
नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति, की बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला अवर निबंधक द्वारा बताया गया कि जिले में वर्तमान में प्रभावी न्यूनतम मूल्यांकन पंजी (एमवीआर) की दरों में संशोधन करते हुए शहरी एवं पेरिफेरल क्षेत्रों में 2.0 गुणा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 1.6 गुणा वृद्धि किए जाने का निर्णय लिया गया है।
निर्णय तत्काल प्रभाव से दिनांक 19.06.2026 से लागू होगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम सीमा से 8 किलोमीटर, नगर परिषद सीमा से 4 किलोमीटर तथा नगर पंचायत सीमा से 2 किलोमीटर की परिधि में आंशिक अथवा पूर्ण रूप से आने वाले मौजों को पेरिफेरल क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया जाना है।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद नवादा सदर, हिसुआ एवं वारिसलीगंज तथा नगर पंचायत रजौली को निर्देशित किया कि संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पेरिफेरल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मौजों को चिन्हित करते हुए स्पष्ट नजरी नक्शा सहित सूची एक सप्ताह के भीतर जिला अवर निबंधक को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में बताया गया कि जिला अंतर्गत शहरी क्षेत्रों, यथा- नगर परिषद नवादा सदर, हिसुआ एवं वारिसलीगंज तथा नगर पंचायत रजौली में नई सड़कों का निर्माण एवं सड़कों का चौड़ीकरण किया गया है। इन क्षेत्रों में सड़कों का प्रधान सड़क, मुख्य सड़क, शाखा सड़क एवं अन्य सड़कों के रूप में वर्गीकरण किया जाना आवश्यक है।
इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों का नए सिरे से वर्गीकरण कर सूची तैयार करें तथा अधिसूचित मोहल्लावार नए वार्डों की सूची भी एक सप्ताह के भीतर जिला अवर निबंधक को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर समाहर्ता, नवादा, डीसीएलआर नवादा सदर, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट