नवादा : जिले के काशीचक बाजार अंतर्गत पटेल नगर मोहल्ला निवासी साधारण किराना दुकानदार मनोज प्रसाद के बेटे विपुल कुमार के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने के बाद पहली बार गांव लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ पूरे मोहल्ले में खुशी का माहौल देखने को मिला। घर पहुंचने पर परिजनों ने आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया।
पिता गांव में चलाते हैं किराना दुकान
विपुल की सफलता पर उनकी माता बेबी सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है, जिसने अपनी मेहनत से पूरे प्रखंड, गांव और समाज का नाम रोशन किया है। वहीं विपुल के दादा रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि विपुल बचपन से ही पढ़ाई में काफी होनहार और मेहनती था। उसने कोलकाता में रहकर सीए की पढ़ाई और तैयारी की, जिससे आज उनका बरसों पुराना सपना सच हो गया।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए नवचयनित सीए विपुल कुमार ने कहा कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर कड़ी मेहनत के बल पर किसी भी कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विपुल की इस सफलता पर स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भईया जी की रिपोर्ट