समस्तीपुर के दलसिंहसराय में बाइक सवार बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव की है। मृतक की पहचान पगड़ा गांव के रहने वाले स्वर्णाभूषण कारोबारी राजकुमार पोद्दार के बेटे राकेश कुमार पोद्दार के रूप में हुई है। वह काली चौक के पास सोने-चांदी की आभूषण दुकान चलाते थे। बीती देर रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हत्या की वजह तलाशी जा रही है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार की आधी रात के करीब राकेश कुमार पोद्दार अपनी दुकान बंद करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान पगड़ा गांव में बाइक सवार बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गोली मार दी।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की, इसके बाद लूटपाट की कोशिश की गई। राकेश ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की। सूचना मिलते ही जिले में पहली बार ग्रामीण एसपी के पद पर तैनात हुए मुकुल रंजन भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है और शीघ्र ही हत्यारों को दबोच लिया जाएगा।
ग्रामीण एसपी के मुताबिक हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों से पूछताछ की गई है और इस वारदात की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। घटनास्थल पर एफएसएल और डीआईयू की टेक्निकल टीम को भी लगाया गया है। पुलिस वारदात से जुड़े सबूत जुटाने के साथ ही फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी भी शुरू कर चुकी है। इधर इस हत्याकांड के बाद स्वर्ण व्यवसायी संघ में भारी नाराजगी है। संघ ने पुलिस की कार्यशैली और जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। वहीं, राकेश की हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में तनाव को देखते हुए ग्रामीण एसपी ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती करने की बात कही है।
