नवादा : जिले के वारिसलीगंज के होनहार युवा आयुष राज ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 844वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। आयुष राज का चयन रूरल डेवलपमेंट ऑफिसर (आरडीओ) पद पर हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में वे UPSC के इंटरव्यू तक पहुंचे थे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका था। बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और BPSC में लगातार मेहनत जारी रखी। उनकी इसी लगन और संघर्ष का परिणाम है कि उन्होंने दूसरी बार शानदार सफलता हासिल की। 25 वर्षीय आयुष राज वारिसलीगंज के उत्तर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप के निवासी हैं।
उनके पिता मुरारी कुमार अपने घर के समीप एक किराना दुकान चलाते हैं, जबकि माता अंजू देवी गृहिणी हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि साधारण होने के बावजूद आयुष ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। आयुष के परिवार में शिक्षा का अच्छा माहौल है। उनकी बड़ी बहन बीपीएससी शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनका छोटा भाई वर्तमान में 12वीं कक्षा का छात्र है। आयुष राज की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
भईया जी की रिपोर्ट