बेतिया में सेनको ज्वेलरी शोरूम लूट कांड में दिनदहाड़े हुई करोड़ों की लूट मामले के तार वैशाली और समस्तीपुर से जुड़े मिले हैं। इस सिलसिले में एसटीएफ ने इन जिलों से चार संदिग्दों को उठाया है। इस लूटकांड के सरगना समेत कुछ संदिग्धों के वैशाली जिले के महनार में छिपे होने की सूचना मिली जिसके बाद एसटीएफ ने यहां छापा मारकर दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके अलावा दो अन्य को सीमावर्ती समस्तीपुर जिले से उठाया गया है। जानकारी के अनुसार लूट में शामिल 8 में से सरगना समेत 5 अपराधी वैशाली और 3 अन्य समस्तीपुर के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इस लूट की साजिश हाजीपुर जेल के भीतर से रची गई थी।

मालूम हो कि दो दिन पहले बेतिया स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना में कई करोड़ रुपये के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए गए थे। लूटे गए गहनों का मूल्य 12 से 15 करोड़ रुपये बताया गया। इस कांड की जांच के दौरान जेल से साजिश रचे जाने की बात सामने आई। वारदात में समस्तीपुर और हाजीपुर के आपराधिक गिरोहों के शामिल होने की सूचना के बाद पुलिस ने चार से पांच लोगों की पहचान की और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। सूत्रों ने बताया कि वैशाली के महनार, जंदाहा, महुआ और लालगंज तथा समस्तीपुर में अलग—अलग ठिकानों पर छापा मारकर कुल 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि वैशाली का यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता है। पहले ये लोग रेकी, फिर हथियार और वाहन की व्यवस्था करते हैं और फिर दिनदहाड़े शोरूम या फाइनेंस कंपनी को निशाना बनाते हैं। इनका यही मॉडस ओपरेंडी है। लूट के बाद ये लोग सोना गलाकर बेच देते हैं और रुपये आपस में बांट लेते हैं। एसटीएुफ सूत्रों ने बताया कि लूट के बाद घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस को अपराधियों के वैशाली कनेक्शन का पता चला। इसके बाद से ही जिले के हाजीपुर, महनार, जंदाहा, लालगंज और भगवानपुर सहित कई इलाकों में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
