नवादा : जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र में जहाना और लखमोहना के बीच सकरी नदी बालू घाट में रंगदारी को लेकर अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। बालू घाट पर काम कर रही दो पोकलेन मशीनों को बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया और फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। पीड़ित संतोष कुमार के अनुसार, करीब 5-6 हथियारबंद बदमाश बालू घाट पर पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे। बदमाशों ने मशीन चालकों और हेल्परों के साथ मारपीट की तथा उन्हें जबरन मशीन से नीचे उतार दिया। इसके बाद दोनों पोकलेन मशीनों में आग लगा दी और फायरिंग करते हुए फरार हो गया।
जान से मारने की धमकी
उपरोक्त मामले में कुल छह नामजद आरोपित बनाए गए हैं, जिनमें सौरभ कुमार उर्फ बुट्टा, रामनिवास कुमार उर्फ छोटू, कौशल कुमार उर्फ कैला, मोहित कुमार उर्फ भोलु, नितिन कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं। सभी पर रंगदारी, मारपीट, आगजनी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों मशीनें बुरी तरह जल चुकी थीं। बताया जाता है कि इससे पहले भी इन आरोपियों द्वारा रंगदारी को लेकर धमकी दी गई थी और एक अन्य मामले में लैपटॉप छीनने की घटना दर्ज है।
इस बावत नेमदारगंज थाना कांड संख्या 177/26 दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी रामनिवास कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट