नवादा : जिले के पकरीबरावां बाजार में खादिम शोरूम और वेलकम एमबीओ मॉल में हुई भीषण आगलगी की घटना की जांच तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। मॉल संचालक फारूक आजम की शिकायत के आधार पर गठित टीम अब आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी।

एसपी के निर्देश पर बनाई गई SIT
पुलिस की ओर से गठित विशेष जांच टीम में एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी, पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी, कांड के अनुसंधानकर्ता सौरभ कुमार और जिला स्तर के एक अधिकारी को शामिल किया गया है। टीम को मामले की बारीकी से जांच करने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वास्तविक स्थिति का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है।
शोरूम संचालक पर लगाया आरोप
मॉल संचालक सह पकरीबरावां दक्षिणी पंचायत की मुखिया प्रतिनिधि फारूक आजम ने खादिम शोरूम के संचालक शैलेंद्र कुमार उर्फ सन्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि शोरूम संचालक ने जानबूझकर आगलगी की घटना को अंजाम दिया था?
शिकायत में लगाए गए आरोपों की अब तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अनुसंधान पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग कैसे लगी और इसके पीछे क्या वजह थी? फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं एसडीपीओ
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी पहले ही घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली थी। एसआईटी गठित होने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है। टीम आगलगी की परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पड़ताल करेगी।
कारोबारियों को हुआ था भारी नुकसान
पकरीबरावां बाजार में हुई आगलगी से दोनों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा था। घटना के बाद से ही आग लगने के कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अब एसआईटी के गठन से मामले की जांच को लेकर कारोबारियों और स्थानीय लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने लाना है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आगलगी दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी?
भईया जी की रिपोर्ट
