नवादा : सदर अस्पताल, नवादा के डीएचएस सभागार में विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एसडी अरैय्यर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्थानांतरित 20 जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नए स्वास्थ्यकर्मियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. एसडी अरैय्यर ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा की एक सामान्य प्रक्रिया है।
स्वास्थ्यकर्मी जहां भी रहें, पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। समारोह के दौरान स्थानांतरित होने वाली नर्सों के कार्यकाल और उनके योगदान को याद किया गया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, नए स्वास्थ्यकर्मियों का स्वागत करते हुए उनसे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में योगदान देने की अपेक्षा जताई गई। कार्यक्रम का माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण रहा। विदाई के दौरान सहकर्मियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। समारोह ने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों के बीच आपसी सहयोग और सौहार्द की भावना को भी मजबूत किया।
भईया जी की रिपोर्ट