बिहार में MLC की 8 सीटों के लिए हुए चुनाव की पटना समेत विभिन्न जिला मुख्यालयों में आज मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। लेकिन पटना से खबर है कि यहां मतगणना शुरू होते ही बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल स्थित काउंटिंग सेंटर पर हंगामा शुरू हो गया। यहां स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों के लिए वोटों की गिनती हो रही है। पहले तो जन सुराज और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने काउंटिंग सेंटर पर CCTV कैमरे नहीं होने का आरोप लगाया और कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर बैठ गया। वहीं इसके बाद मतगणना केंद्र के बाहर एक शख्स के पास फाइलों का बंडल देख बवाल मच गया। जिस शख्स के पास से यह फाइलें मिली हैं उसने एक आई कार्ड गले में लटकाया हुआ था। कहा जा रहा था कि वो सरकारी कर्मचारी था। जन सुराज की पटना से शिक्षक प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने दावा किया था कि फाइल के अंदर फॉर्म-16 थे। इन कागजों को मतगणना केंद्र के अंदर होना चाहिए था।
फिलहाल बांकीपुर मतगणना केंद्र के बाहर हंगामे जैसी स्थिति बनती देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस की तरफ से लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा था। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने लोगों की भीड़ को वहां से हटा दिया। मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि पुलिस ने फाइलों को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा जिस शख्स के पास से यह फाइलें मिली हैं उनसे भी फिलहाल पुलिस पूछताछ कर पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। इस बीच जन सुराज, राजद और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। प्रत्याशियों ने मतगणना केंद्र की व्यवस्था और पारदर्शिता को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। कुछ प्रत्याशियों ने काउंटिंग रूम में CCTV कैमरे नहीं होने का आरोप भी लगाया है। मतगणना के बीच इन आपत्तियों से केंद्र पर हलचल बनी हुई है। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक की 4-4 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान कराया गया था। आज देर रात तक सभी परिणाम आ जाने की संभावना है। चूंकि मत पत्रों से चुनाव हुआ है, इसलिए परिणाम आने में समय लगेगा।