नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड के विद्यार्थियों का वर्षों पुराना इंतजार खत्म हो गया। क्षेत्र में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन शुरू हो गया है। 01 जुलाई से नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू होगा। फिलहाल कॉलेज का संचालन मेसकौर स्थित लाटो यादव इंटर विद्यालय के खाली भवनों में अस्थायी रूप से किया जाएगा। कॉलेज खुलने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी दीपक कुमार, कार्यपालक अभियंता अखिलेश कुमार, बीईओ संजय जायसवाल एवं इंटर विद्यालय के प्रधानाचार्य संपूर्णानंद ने कॉलेज संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने भवन की मरम्मत, साफ-सफाई, बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को युद्धस्तर पर सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। डीईओ ने कहा कि जब तक कॉलेज के लिए एक स्थान पर पांच एकड़ भूमि उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक लाटो यादव इंटर विद्यालय के भवनों में ही पढ़ाई चलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 जुलाई से हर हाल में कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बबलू कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की मेरिट सूची के आधार पर नामांकन किया जा रहा है। पहले चरण में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों में नामांकन लिया जा रहा है। राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत की गई है। भविष्य में विज्ञान, वाणिज्य समेत अन्य संकायों की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए करीब पांच एकड़ भूमि पर स्थायी भवन का निर्माण कराया जाएगा।
अब तक मेसकौर के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए हिसुआ, वजीरगंज, नवादा या गया तक करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। कॉलेज खुलने से हजारों छात्र-छात्राओं, खासकर ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
भईया जी की रिपोर्ट