नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र में पुलिस महकमे के सुरक्षा दावों को धत्ता बताते हुए बेखौफ अपराधियों ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। थाना क्षेत्र के परनपुरा गांव में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े घर को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और सोने-चांदी के जेवरातों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।खास बात यह है कि इलाके में लगातार दो दिनों के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे पूरे ग्रामीण परिवेश में भय, दहशत और स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश का माहौल है।
ताले टूटे और बिखरा था सामान, पड़ोसियों ने वीडियो बनाकर कर भेजा
चोरी की घटना के बाद जब पड़ोसियों की नजर घर पर पड़ी, तब मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित मकान मालिक महेश कपूर के पुत्र चंदन कुमार ने फोन पर बताया कि उनका पूरा परिवार वर्तमान समय में झारखंड राज्य के रामगढ़ जिले के कुज्जू क्षेत्र में निवास करता है, जहां वे प्राइवेट नौकरी करते हैं। हाल ही में उनके पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके कारण वे बेहतर इलाज के लिए उन्हें अपने साथ झारखंड ले गए थे। इस वजह से उनका यह पुश्तैनी घर पिछले करीब एक महीने से पूरी तरह बंद था। चंदन कुमार के मुताबिक, गांव के ही रहने वाले गंगा राम दिन के समय उनके घर की देखरेख करते थे, लेकिन रात होने पर वे अपने निजी घर सोने चले जाते थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य कपाट का ताला चटका दिया।
गोदरेज, अलमारी और संदूक के ताले मिले टूटे
ग्रामीणों ने घर का ताला टूटा देखा, तो दंग रह गए। कमरों के भीतर का वीडियो बनाकर झारखंड में रह रहे परिवार को व्हाट्सएप पर भेजीं। वीडियो में घर के सभी कमरों की गोदरेज, अलमारी, लोहे के बक्से और पेटियों के ताले टूटे मिले और सारा घरेलू सामान फर्श पर बिखरा पड़ा दिखाई दिया। चंदन कुमार ने बताया कि वे अभी झारखंड से अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए हैं, लेकिन वीडियो फुटेज के आधार पर घर का सारा कीमती गहना और कैश गायब है।
रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग, पुलिस मामले की जांच में जुटी
परनपुरा गांव और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही इन बैक-टू-बैक चोरी की घटनाओं से आम नागरिकों की रातों की नींद उड़ गई है। ग्रामीणों ने एसपी से सिरदला थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती (नाइट पेट्रोलिंग) बढ़ाने तथा जल्द से जल्द चोर गिरोह को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस बावत सिरदला थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस बल ने घटनास्थल पर जाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और स्थानीय इनपुट के आधार पर कांड का पर्दाफाश किया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट