– 5231 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
नवादा : केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित बिहार पुलिस की विशेष शाखा, बिहार में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) भर्ती परीक्षा जिला मुख्यालय स्थित 15 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा दो प्रश्न-पत्रों में आयोजित की गई। प्रथम प्रश्न-पत्र पूर्वाह्न 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न-पत्र अपराह्न 12:00 बजे से 01:30 बजे तक आयोजित हुआ।
परीक्षा के स्वच्छ, पारदर्शी एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई थीं। जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त निर्देशन में सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, अभ्यर्थियों की सघन जांच तथा प्रवेश प्रक्रिया की सतत निगरानी की गई। परीक्षा केन्द्रों के भीतर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
सभी केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच एवं प्रवेश से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। परीक्षा अवधि के दौरान जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी लगातार विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे तथा संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। जिले के सभी 15 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 7,569 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इनमें से 2,338 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 5,231 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट