पटना। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बिहार राज्य रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BSRDCL), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL), राष्ट्रीय उच्चपथ तथा पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशों के आलोक में योजनाओं के अनुश्रवण एवं तीव्र क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे, जबकि क्षेत्रीय अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सचिव ने सभी प्रमंडलों का गहन सर्वेक्षण कराने तथा निर्माणाधीन कार्यों की नियमित भौतिक जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता निर्माण कार्यों की गुणवत्ता है और इसकी सतत निगरानी की जानी चाहिए।
सचिव ने अधिकारियों को पीएमआईएस (PMIS) पोर्टल नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। समीक्षा के दौरान जन-शिकायतों के निवारण की स्थिति का भी आकलन किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि “सहयोग पोर्टल” पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में अधिकांश प्रमंडलों के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया गया, हालांकि 55 शिकायतें लंबित पाई गईं। सचिव ने इन मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रगति यात्रा एवं अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया। पंकज कुमार पाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए बाढ़ एवं सूखा संबंधी तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। सचिव ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने छोटे-बड़े पुलों एवं पुलियों की अनिवार्य सफाई, कटाव-निरोधक सामग्रियों का समय पर भंडारण तथा संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत कार्य कराने पर भी जोर दिया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट