नवादा : डी.आर.डी.ए. सभागार, नवादा में महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा संचालित “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत महावारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, नवादा श्रीमती नीलिमा साहू द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से उपस्थित छात्राओं को महावारी स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं निस्तारण तथा किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साथ ही महावारी से संबंधित सामाजिक भ्रांतियों एवं वर्जनाओं को दूर करने तथा इस विषय पर खुलकर संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि महावारी एक प्राकृतिक एवं सामान्य जैविक प्रक्रिया है तथा इसके प्रति जागरूकता एवं स्वच्छता का पालन प्रत्येक किशोरी एवं महिला के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी को अपने परिवार एवं समाज तक पहुँचाकर जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं के बीच महावारी स्वच्छता किट का वितरण किया गया। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह के अंतर्गत सभी छात्राओं एवं प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प कराया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं किशोरावस्था से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। यह कार्यक्रम किशोरियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती निरूपमा शंकर, आईसीडीएस के पदाधिकारी एवं कर्मीगण, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्राएं उपस्थित थीं।
भईया जी की रिपोर्ट