नवादा : जिले के रजौली विधानसभा क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों और युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। विधायक विमल राजवंशी के प्रयासों से प्रखंड क्षेत्र के चितरकोली में बल्क मिल्क कूलर भवन एवं बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए करीब 1.18 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिल गई है। विभाग ने इसके लिए निविदा भी जारी कर दी है। विधायक विमल राजवंशी ने बिहार विधानसभा में रजौली, सिरदला और मेसकौर प्रखंडों में डेयरी विकास एवं ग्रामीण रोजगार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
उनके लगातार प्रयासों का परिणाम है कि अब चितरकोली में बीएमसी प्लांट की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। पशुपालकों की बढ़ेगी आय:- परियोजना क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन, संग्रहण एवं विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी। बल्क मिल्क कूलर लगने से दूध की बर्बादी रुकेगी और किसानों को उनके दूध का उचित मूल्य मिलेगा। इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पशुपालकों को अब दूध बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा
विकसित रजौली की दिशा में कदम
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सांसद विवेक ठाकुर के ‘विकसित नवादा एवं विकसित रजौली’ के संकल्प और विधायक विमल राजवंशी द्वारा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने से रजौली विधानसभा विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रही है।
सीएम और मंत्री का जताया आभार
महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए क्षेत्र के लोगों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद विवेक ठाकुर और विधायक विमल राजवंशी के प्रति आभार व्यक्त किया है। विधायक विमल राजवंशी ने भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, अपने नेता चिराग पासवान, पशुपालन मंत्री सुरेंद्र मेहता, सांसद विवेक ठाकुर एवं एनडीए के सभी शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह डेयरी प्लांट रजौली के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
भईया जी की रिपोर्ट