नवादा : पति-पत्नी के आपसी झगड़े को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत संघर्ष में बदल गई। जिले के हिसुआ पंचायत भवन में दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराने के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। घटना में वर पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ के दौरान भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, हिसुआ प्रखंड के महादेव बिगहा गांव निवासी अरविंद यादव और सिरदला थाना क्षेत्र के बेरमी गांव निवासी उनके दामाद के परिवार के बीच पति-पत्नी के विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए हिसुआ पंचायत भवन में दोनों पक्षों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में पंचों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पूछताछ शुरू हुई, इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात गाली-गलौज से हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि महादेव बिगहा निवासी अरविंद यादव और उनके समर्थकों ने वर पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
चार घायल, अस्पताल में भर्ती
मारपीट में बेरमी गांव निवासी राजेश कुमार यादव, सिंटू यादव, आशीष यादव एवं गीता देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में नवादा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में गीता देवी की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस को दी गई सूचना, जांच शुरू
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की सूचना हिसुआ थाना को दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घायलों का बयान दर्ज कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत में विवाद सुलझाने के बजाय और उलझ गया।
भईया जी की रिपोर्ट