नवादा : दस दिनों पूर्व चेन स्नेचिंग की घटना में शामिल दो महिला चेन स्नेचरों को जिले के वारिसलीगंज पुलिस टीम ने नकदी एवं सोने के कई जेवरात समेत बरामद करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। दोनों महिला चेन स्नेचरों की गिरफ्तारी नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के मोहसीम से हुई है। इस वारिसलीगंज थाना में प्रेसवार्ता आयोजित कर पकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर एवं थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने संयुक्त रूप से बताया कि पहली मई 2026 को स्थानीय बाजार में नीलम देवी नामक महिला को ई-रिक्शा चढ़ने के क्रम में कुछ महिलाओं ने उसके गले से सोने का चेन उड़ा लिया।
पीड़ित महिला उसी दिन थाना पहुंचकर कांड संख्या 291/26 दर्ज करवा पुलिस से जेवरात बरामदगी की गुहार लगाई थी। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मानवीय इनपुट एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन स्नेचर गिरोह की पहचान किया। बाद में एसपी के निर्देश पर पकरीबरावां एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर नालंदा जिले के चंडी थाना के मोहसीमपुर गांव में छापेमारी किया।
इस दौरान चेन स्नेचिंग गिरोह की दो महिला सदस्य गोरे उर्फ गोरख केवट की पत्नी अंजली देवी तथा नालंदा थाना क्षेत्र के ताजू बीघा मिल्की गांव निवासी स्व गरीबन केवट की पत्नी कविता देवी को गिरफ्तार किया गया। महिलाओं के पास वारिसलीगंज समेत अन्य स्थानों से लुटे गए जेवरात की बिक्री से प्राप्त राशि दो लाख 88 हज़ार पांच सौ रुपया नकदी सहित सोने का लाकेट 03 पीस, सोने का मांग टिका 01 पीस, नाक का नथुनी सोने का 01 पीस, सोने का कनवाली 01 जोड़ा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार महिलाओं के विरुद्ध नालंदा के चंडी थाना कांड संख्या 690/25 भी दर्ज है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के अलावे पुसअनि पप्पू कुमार, परि. पुअनि. मनोज कुमार राय समेत पुलिस बल उपस्थित रहे। बता दें कि वारिसलीगंज थाना के एक अन्य कांड संख्या 110/26 में उड़ाई गई जेवरात के बिक्री का पैसा बरामद किया गया है।
भईया जी की रिपोर्ट