नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के विनोबा नगर गांव के समीप उस समय लोगों की भीड़ जुट गई जब जंगल की ओर से भटककर राष्ट्रीय पक्षी मोर गांव के पास पहुंच गया। राष्ट्रीय पक्षी मोर को अचानक गांव में देख ग्रामीण उत्साहित हो उठे। ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए उसे किसी प्रकार का नुकसान पहुंचाये बगैर सुरक्षित पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोर को अपने संरक्षण में ले थाना ले आई तथा वन विभाग को मामले की जानकारी दी।
वन विभाग की टीम थाना पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोर को अपने साथ ले गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संभवतः जंगल क्षेत्र से भटककर मोर आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर माधोपुर के जंगल में छोड़ दिया गया। ग्रामीणों की सतर्कता एवं जागरूकता की इलाके में सराहना की जा रही है। लोगों का कहना था कि मोर देश का राष्ट्रीय पक्षी है और इसकी सुरक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। वन विभाग ने भी लोगों से वन्य जीव दिखने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाने तथा तुरंत प्रशासन और वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट