शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण समारोह में मंच पर एक वाकये ने बरबस सबका ध्यान खींचा। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में लोगों की भारी भीड़ के बीच शपथ के समय मंच पर सभी तब हैरान रह गए जब पीएम मोदी ने सबके सामने एक बुजुर्ग व्यक्ति को शॉल ओढ़ाई और उनके पैर छूकर उन्हें गले लगा लिया। पीएम काफी देर तक उन बुजुर्ग से बात करते रहे और गले लगाए रखा। इस दौरान लोगों ने पीएम मोदी की आंखों में आंसू भी देखे। उनके इस व्यवहार ने सबके मन में एक जिज्ञासा पैदा कर दी कि आखिर ये बुजुर्ग कौन हैं, जिनके सम्मान में पीएम मोदी ने अपना सिर झुका दिया। दरअसल, ये हैं पश्चिम बंगाल के सबसे बुजुर्ग भाजपाई कार्यकता माखनलाल सरकार। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार जनसंघ और भाजपा के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगी रहे हैं।
बंगाल में बीजेपी के सबसे बुजुर्ग कार्यकर्ता
बंगाल में पहली बीजेपी सरकार के शपथ समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में भाजपा के सबसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में से एक इन्हीं माखनलाल सरकार का अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद लिया। 1952 में माखनलाल सरकार को कश्मीर में तब गिरफ्तार किया गया था जब वे वहां भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ थे। 98 साल की आयु में माखनलाल सरकार आज़ादी के बाद के भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती ज़मीनी स्तर के लोगों में से एक हैं।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के मित्र और सहयोगी
98 साल के माखनलाल सरकार सिलीगुड़ी के रहने वाले हैं। वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोगी थे और उनकी अंतिम यात्रा का भी वे हिस्सा थे। उन्हें कांग्रेस के अधीन दिल्ली पुलिस द्वारा राष्ट्रवाद गीत गाने के लिए गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कोर्ट में माफी मांगने से इनकार कर दिया तथा उन्होंने अदालत में वही गाना गाया और न्यायाधीश ने उन्हें घर वापस आने के लिए प्रथम श्रेणी का टिकट और यात्रा के लिए 100 रुपये देने को कहा। 1980 में भाजपा के गठन के बाद वह पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों के संगठनात्मक समन्वयक बने। केवल एक वर्ष के भीतर उन्होंने लगभग 10,000 सदस्यों को नामांकित करने में मदद की। 1981 के बाद से उन्होंने लगातार सात वर्षों तक जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। यह उस समय एक असाधारण उपलब्धि थी, जब भाजपा नेता आम तौर पर दो साल से अधिक समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रह सकते थे।