नवादा : सनातन परंपरा में कार्तिक मास की पूर्णिमा को अत्यंत पुण्यदायी और फलदायी माना गया है। वर्ष 2026 में कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व मंगलवार 24 नवंबर को मनाया जाएगा। हृषीकेश पंचांग की गणना के आधार पर उदया तिथि की मान्यता के अनुसार 24 नवंबर को पूर्णिमा तिथि व्याप्त रहेगी, इसलिए इसी दिन स्नान, दान, व्रत और पूजन करना शास्त्रसम्मत है। पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ सोमवार 23 नवंबर की रात्रि 11 बजकर 42 मिनट पर होगा, जबकि इसका समापन मंगलवार 24 नवंबर की रात्रि 8 बजकर 23 मिनट पर होगा।
जिले के श्रद्धालुओं के लिए इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर शुभ योगों का विशेष संयोग बन रहा है। मंगलवार का दिन होने के कारण यह तिथि मंगलकारी ऊर्जा से युक्त मानी जा रही है और पूरे कार्तिक मास में किए जाने वाले स्नान, नियम और तप का पूर्ण फल इसी दिन की आराधना से प्राप्त होता है। कार्तिक मास भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित होने के साथ-साथ इस पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है, क्योंकि पौराणिक मान्यता के अनुसार इसी तिथि पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को भयमुक्त किया था।
इसी उपलक्ष्य में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था, जिसे देव दीपावली के रूप में भी जाना जाता है। इसके अलावा सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व भी इसी पावन तिथि पर श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। जिले के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह देखा जा रहा है। इसी के साथ एक माह तक चलने वाले कार्तिक स्नान का समापन किया जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट