कटिहार में बीती देर रात पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के काफिले में शामिल पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं। सांसद के मुताबिक, सभी लोग सुरक्षित हैं और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। हादसा कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क पर हुआ। पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी देते हुए लिखा—’जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई…’। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं से सभी की जान सुरक्षित है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार पप्पू यादव पूर्णिया से सालमारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क पर कुम्हरी के पास निर्माणाधीन पुल के समीप उनके काफिले के आगे चल रही पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय एस्कॉर्ट वाहन में सुरक्षाकर्मी सवार थे जिनमें से पांच लोगों को काफी चोटें आईं। घटना के बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है। पप्पू यादव ने हादसे के लिए सड़क निर्माण कार्य में कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से ही क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसका समुचित निर्माण नहीं कराया गया।
सांसद के मुताबिक, सड़क निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी और लोक निर्माण विभाग के की उदासीनता के कारण स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई। उन्होंने कहा कि हादसे वाली जगह पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही उचित डायवर्जन की व्यवस्था थी। सड़क पर दूर तक सुरक्षा संकेत या अवरोधक भी नहीं लगाए गए थे। पुल के आगे गहरी खाई होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर बारिश नहीं हुई होती और मिट्टी गीली नहीं होती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। सांसद ने इसे बड़ी लापरवाही बताते हुए कहा कि एक बड़ी अनहोनी टल गई।