विधान परिषद में आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शपथ लेने वाले दो निर्दलीय पार्षदों के खिलाफ फिर से मोर्चा खोल दिया। आठ नव निर्वाचित विधान पार्षदों के शपथ समारोह से निकलने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि दोनों ही विधान पार्षदों की सदस्यता रद्द कराने को लेकर उनकी पार्टी आगे भी लड़ाई लड़ती रहेगी। बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के आज के शपथ ग्रहण पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने साफ कहा कि दोनों सदस्यों के खिलाफ वह एक बार फिर विधान परिषद के सभापति के पास जाएंगे। अगर वहां उनकी बात नहीं सुनी गई तो हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
हालांकि इस दौरान तेजस्वी यादव ने शपथ ग्रहण करने वाले सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी, लेकिन दो निर्दलीय सदस्यों के मामले में उन्होंने अपनी आपत्ति भी दोहराई। उन्होंने कहा कि इन दोनों के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और वह इस मामले को कानूनी तरीके से आगे बढ़ाएंगे। जिन दो निर्दलीय विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण पर तेजस्वी यादव ने आपत्ति जताई है, उनमें तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित राहुल राज शामिल हैं। दोनों ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीतकर विधान परिषद में जगह बनाई है।
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में साफ कर दिया कि वह इस मामले को यहीं खत्म नहीं होने देंगे। पहले सभापति के पास जाकर अपनी आपत्ति रखेंगे। अगर वहां से उन्हें राहत नहीं मिली तो हाईकोर्ट जाएंगे। इस घटनाक्रम के बाद विधान परिषद में दो निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता को लेकर विवाद फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है। विदित हो कि इन दोनों की सदस्यता को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका है। तेजस्वी यादव ने पहले भी सभापति के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी। अब शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने इस मामले को फिर से उठाने की बात कही है। देखना होगा कि तेजस्वी यादव की अगली कानूनी पहल क्या होती है।